मोती झील के पास बिल्डिंग मटेरियल कारोबारियों का अतिक्रमण, यातायात बाधित
Rajsatta Post
मुजफ्फरनगर जनपद मे मोती झील के पास मुख्य मार्ग पर बिल्डिंग मटेरियल (रोड़ी, डस्ट व रेत) कारोबारियों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क किनारे बड़े पैमाने पर निर्माण सामग्री के ढेर लगाए जा रहे हैं, जिससे मार्ग संकरा हो गया है और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि रेत और रोड़ी उतारने के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य भारी वाहन सड़क के बीचों-बीच खड़े कर दिए जाते हैं। सामग्री उतारने की प्रक्रिया के दौरान लंबे समय तक आवागमन बाधित रहता है, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है।
विशेष रूप से स्कूल समय और कार्यालयों के व्यस्त घंटों में यहां स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। दोपहिया वाहन चालकों व अन्य वाहनों और पैदल चलने वालों को जोखिम उठाकर निकलना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए और सड़क पर निर्माण सामग्री डालने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और आमजन को राहत मिल सके।

