प्रेम-प्रसंग और पारिवारिक विवाद बना घटना की वजह, शाहपुर पुलिस ने महिला पर हमले व मासूम की हत्या का किया खुलासा

मुजफ्फरनगर। थाना शाहपुर क्षेत्र के ग्राम बसीकलां में महिला पर चाकू से हमला और 4 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्ता की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार 17 फरवरी को सूचना मिली थी कि गांव में एक महिला पर चाकू से हमला किया गया है और उसकी बच्ची लापता है। सूचना पर थाना शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। तलाश के दौरान बच्ची का शव घर में रखी पानी की टंकी से बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा व पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष शाहपुर गजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच के दौरान घटना में शामिल अभियुक्ता माना पुत्री यामीन, निवासी बसीकलां को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्ता का गांव के ही एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवक कुछ माह पहले नौकरी के लिए चेन्नई चला गया था और दोनों की फोन पर बातचीत होती थी। इस बात की जानकारी परिवार को होने पर घर में विवाद रहने लगा और उसकी भाभी उसे बात करने से रोकती थी। इसी रंजिश के चलते अभियुक्ता ने योजना बनाकर परिजनों को नींद की गोलियां देने के बाद रात में अपनी 4 वर्षीय भतीजी को पानी की टंकी में डाल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने सो रही भाभी पर चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस ने अभियुक्ता को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *