महराजगंज में भीषण सड़क हादसा: गोरखपुर पुलिस टीम की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, एक दरोगा की मौत, कई घायल

नितिन राय

महराजगंज/गोरखपुर। महराजगंज जनपद में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में गोरखपुर पुलिस टीम की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में गोरखपुर के रामगढ़ताल थाने पर तैनात उपनिरीक्षक संतोष कुमार की मौत हो गई, जबकि दो दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार गोरखपुर पुलिस की टीम दबिश देने के लिए महराजगंज गई थी। कार्रवाई पूरी कर टीम देर रात स्कॉर्पियो वाहन से वापस लौट रही थी। तड़के करीब पांच बजे श्यामदेउरवा क्षेत्र के कतराती के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घना कोहरा और चालक को झपकी आने से वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर पेड़ से जा टकराई।

हादसा इतना भीषण था कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल उपनिरीक्षक संतोष कुमार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इस हादसे में एसएसआई रमेश चंद्र कुशवाहा और महिला दरोगा गीता गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जबकि अजीत कुमार यादव और चालक हेमंत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी खतरे से बाहर हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह घना कोहरा और तेज रफ्तार को माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं गोरखपुर के रामगढ़ताल थाने पर नियुक्त उपनिरीक्षक की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के संबंध में क्षेत्राधिकारी कैंट योगेन्द्र सिंह ने भी घटना की पुष्टि करते हुए शोक व्यक्त किया है।

गोरखपुर के थाना रामगढ़ताल पर नियुक्त उपनिरीक्षक की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाने के संबंध में योगेन्द्र सिंह, क्षेत्राधिकारी कैण्ट की बाईट-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *