दधेडू खुर्द के गोल्डन लिट्रा पब्लिक स्कूल में ‘सतत भविष्य के लिए नवाचार’ विषय पर विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित

असलम त्यागी

मुज़फ्फरनगर जनपद के विकास खंड चरथावल क्षेत्र के ग्राम दधेडू खुर्द स्थित गोल्डन लिट्रा पब्लिक स्कूल में ‘अख़लाक शो’ के अंतर्गत विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘सतत भविष्य के लिए नवाचार’ रही, जिसमें विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित भविष्य से जुड़े रचनात्मक मॉडल प्रस्तुत किए।

प्रदर्शनी में छात्रों ने जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन, सौर ऊर्जा, स्मार्ट सिंचाई प्रणाली तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित परियोजनाएं प्रदर्शित कीं। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के माध्यम से वैज्ञानिक सोच, नवाचार क्षमता और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी प्रदर्शन किया।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को भी निखारती हैं। कार्यक्रम में अराफात, तूबा, सिदरा, आतिफा नसरीन और इलमा सहित अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत चरथावल चेयरमैन मास्टर इस्लामुद्दीन एवं ग्राम प्रधान हुसैन (दधेडू खुर्द) उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया गया तथा विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed