देर रात धरना जारी :भाकियू (तोमर) का सदर तहसील में धरना प्रदर्शन, भ्रष्टाचार और अवैध कब्जों के खिलाफ अनिश्चितकालीन आंदोलन का एलान
मुजफ्फरनगर। जनपद की सदर तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार और किसानों की समस्याओं को लेकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर के आह्वान पर आयोजित इस धरने का नेतृत्व जिला अध्यक्ष निखिल चौधरी ने किया। धरने के दौरान किसानों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए तहसील प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष निखिल चौधरी ने आरोप लगाया कि तहसील परिसर में भ्रष्टाचार बढ़ गया है और किसानों के जायज कार्य बिना रिश्वत के नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कैम्पा कोला फैक्ट्री से जुड़े मामले में चार किसानों की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है, जबकि जिलाधिकारी के स्पष्ट आदेश के बावजूद किसानों को अब तक जमीन वापस नहीं मिली है। साथ ही चकबंदी प्रक्रिया में भी भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए।

किसानों की मांग है कि अवैध कब्जों को तत्काल हटाया जाए, कैम्पा कोला प्रकरण से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए और तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई हो। निखिल चौधरी ने दो टूक कहा कि जब तक किसानों की समस्याओं का संतोषजनक समाधान नहीं होगा, तब तक संगठन का आंदोलन जारी रहेगा।
नगर अध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं और प्रशासन को अब संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और संगठन उनके अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ता रहेगा।
धरने के दौरान बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और झंडों के साथ तहसील परिसर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। देर रात तक भी धरना जारी रहा और किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष निखिल चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष दिलशाद प्रधान, नगर अध्यक्ष आशीष शर्मा, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष शमशाद अहमद, अरूण कश्यप (ब्लॉक सचिव), जाकिर ठाकुर (ब्लॉक उपाध्यक्ष) सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

