मुजफ्फरनगर जिला बार संघ में शपथ ग्रहण सम्पन्न, प्रमोद त्यागी 10वीं बार अध्यक्ष व सुरेंद्र कुमार मलिक 10वीं बार महासचिव बने

मुजफ्फरनगर। प्रतिष्ठित जिला बार संघ मुजफ्फरनगर में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने अपने पद की शपथ ली। इस अवसर पर प्रमोद त्यागी ने अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण करते हुए सभी सम्मानित अधिवक्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। खास बात यह रही कि प्रमोद त्यागी लगातार 10वीं बार जिला बार संघ के अध्यक्ष बने हैं।

शपथ ग्रहण के दौरान उन्होंने कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बार की गरिमा, अधिवक्ताओं के अधिकारों और न्याय व्यवस्था की मजबूती के लिए वह पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने अधिवक्ताओं से एकजुट होकर बार की प्रतिष्ठा और हितों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।

इसी समारोह में सुरेंद्र कुमार मलिक ने भी शपथ ली। सुरेंद्र कुमार मलिक 10वीं बार महासचिव बने हैं। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर निशुकांत शर्मा ने भी शपथ ग्रहण की। इसके अलावा अन्य नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी अपने-अपने पद की शपथ लेकर बार के हित में कार्य करने का संकल्प लिया।

नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने इस गौरवपूर्ण जिम्मेदारी के लिए सभी अधिवक्ताओं के प्रति आभार और कृतज्ञता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *