मुजफ्फरनगर: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, 24 घंटे में पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
मुजफ्फरनगर के कोतवाली नगर क्षेत्र में हुए हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि मृतक संदीप की पत्नी मीनाक्षी ने अपने प्रेमी गौतम उर्फ सौरभ के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार आरोपी गौतम मृतक का रिश्ते में भाई लगता था, क्योंकि वह मृतक की बुआ का बेटा है और इसी वजह से उसका घर पर लगातार आना-जाना था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गौतम का अक्सर अपनी बुआ के घर आना होता था। इसी दौरान उसकी नजदीकियां संदीप की पत्नी मीनाक्षी से बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। धीरे-धीरे यह बात परिवार को भी पता चल गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों के संबंधों की जानकारी गौतम की बुआ और फूफा को हो गई थी और बाद में संदीप को भी इसका पता चल गया। इसके बाद परिवार ने मीनाक्षी के बाहर आने-जाने और दोनों के मिलने पर रोक लगा दी।
मिली जानकारी के अनुसार, संदीप पहले यमुनानगर में नौकरी करता था, लेकिन जब उसे संबंधों की भनक लगी तो वह मुजफ्फरनगर में ही रहने लगा ताकि घर पर नजर रख सके। इस कारण दोनों आरोपियों का मिलना-जुलना बंद हो गया, जिसके बाद उन्होंने संदीप को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, योजना के तहत घटना की रात संदीप को खाने में नींद की गोलियां दी गईं। उसके बाद गौतम ने घर पहुंचकर हथौड़े से सिर और चेहरे पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी शव को मोटरसाइकिल पर ले जाकर गांव के बाहर फेंक आए और सबूत मिटाने की कोशिश की।
मलीरा गांव के जंगल में शव मिलने के बाद पुलिस ने तेजी से जांच की और मुखबिर की सूचना पर रोडवेज बस स्टैंड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा और खून से सने कपड़े व चादर बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

