देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल पुलिस ने सोशल मीडिया पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध अभद्र भाषा का प्रयोग कर वीडियो वायरल करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया था। पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रवि शंकर एवं थाना प्रभारी चरथावल सत्य नारायण दहिया के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कदम उठाए। थाना चरथावल पर पंजीकृत अभियोग संख्या 18/2026, धारा 352/353(2) बीएनएस के तहत विवेचना के दौरान आरोपी की पहचान जितेन्द्र पुत्र चंद्र, निवासी ग्राम घिस्सूखेड़ा, थाना चरथावल के रूप में हुई। आरोप है कि आरोपी ने प्रधानमंत्री के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया, जिससे क्षेत्रीय जनता एवं एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त हो गया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे दोपहर 1:25 बजे विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम: उपनिरीक्षक गोविन्द्र चौधरी (चौकी प्रभारी कुटेसरा) एवं कांस्टेबल रजत। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

