अनुज त्यागी
मुजफ्फरनगर बार संघ चुनाव परिणाम घोषित: प्रमोद त्यागी अध्यक्ष व सुरेंद्र कुमार मलिक महासचिव निर्वाचित
मुजफ्फरनगर बार संघ के चुनाव का आखिरी राउंड पूरा होने के साथ ही सभी प्रमुख पदों के परिणाम घोषित कर दिए गए। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई, जिसके बाद अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में प्रमोद त्यागी ने 602 मत हासिल कर जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि प्रमोद त्यागी 10वीं बार मुजफ्फरनगर जिला बार संघ के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मौ० अंजुम खान (543 मत) को 59 वोटों से पराजित किया। अन्य प्रत्याशियों में अनिल जिंदल को 508 मत, सुरेंद्र पाल मैनवाल को 177 मत तथा अर्जुन सिंह को 57 मत मिले।
महासचिव पद पर सुरेंद्र कुमार मलिक ने 587 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। इस पद पर प्रदीप कुमार मलिक को 412 मत, जितेंद्र कुमार को 396 मत, नवाब अली चौधरी को 350 मत और विकास त्यागी को 138 मत प्राप्त हुए।
वरिष्ठतम उपाध्यक्ष पद पर चंद्रवीर चौधरी ने 680 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। जबकि ईश्वर चंद त्यागी को 477 मत, धर्मेंद्र कुमार पुंडीर को 336 मत तथा नरेंद्र सिंह कश्यप को 322 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद के चुनाव में नीशुकांत शर्मा 620 मतों के साथ विजयी रहे। वहीं मुनव्वर हुसैन को 548 मत, सुधीर कुमार चौहान को 412 मत, अमित कुमार जैन को 133 मत तथा सुभाष चंद्र गर्ग को 127 मत प्राप्त हुए।
चुनाव अधिकारी ज्ञानेंद्र त्यागी की देखरेख में पूरी चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न हुई और उनके द्वारा आधिकारिक रूप से परिणाम घोषित किए गए। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद विजयी प्रत्याशियों को साथी अधिवक्ताओं की ओर से बधाई दी गई।

