हिन्दू संगठन सड़कों पर, वैलेंटाइन डे पर चलाया अभियान
मुज़फ्फरनगर
वैलेंटाइन डे के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में हिन्दू संगठनों की गतिविधियां देखने को मिलीं। शिवसेना और क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं ने पहले से ही प्रेमी जोड़ों को लेकर सख्त रुख अपनाने की बात कही थी। इसी क्रम में 14 फरवरी को संगठन के कार्यकर्ता सुबह से ही शहर की सड़कों पर सक्रिय नजर आए और विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, कार्यकर्ताओं ने नगर के कई होटल और रेस्टोरेंट में जाकर जांच की और संचालकों से बातचीत कर व्यवस्था का जायजा लिया। संगठनों का कहना था कि उनका उद्देश्य किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि को रोकना और माहौल खराब होने से बचाना है। इस दौरान टू-व्हीलर वाहनों पर सवार कार्यकर्ता शहर के अलग-अलग इलाकों में नारेबाजी करते हुए भी दिखाई दिए, जिससे कुछ समय के लिए शहर में हलचल का माहौल बना रहा।
बताया गया कि वैलेंटाइन डे से पूर्व भी संगठन के पदाधिकारियों द्वारा होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से मुलाकात कर उन्हें सतर्क रहने की अपील की गई थी। कार्यकर्ताओं ने कहा था कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में जिम्मेदारी तय की जाएगी। हालांकि अभियान के दौरान किसी भी स्थान पर कोई आपत्तिजनक स्थिति सामने नहीं आई और ना ही किसी प्रेमी जोड़े के मिलने की पुष्टि हुई।
शिवसेना जिला अध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा ने बताया कि संगठन की ओर से होटल और रेस्टोरेंट मालिकों से पहले ही अनुरोध किया गया था और सभी ने सहयोग किया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य शांति और सामाजिक व्यवस्था बनाए रखना था तथा इस अभियान में स्थानीय व्यवसायियों का सहयोग सराहनीय रहा।
बाइट – बिट्टू सिखेड़ा (जिला अध्यक्ष, शिवसेना – मुजफ्फरनगर)

