आगामी विधानसभा सत्रों की तैयारियाँ तेज, एसपी चमोली ने भराड़ीसैंण में सुरक्षा व निर्माण कार्यों का किया गहन निरीक्षण
अनुज त्यागी
आगामी विधानसभा सत्रों के सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने विधानसभा परिसर भराड़ीसैंण का दौरा किया। इस दौरान विधानसभा प्रभारी शेखर पंत के साथ व्यवस्थाओं का जायज़ा लेते हुए आवश्यक जानकारियाँ प्राप्त कीं।
निरीक्षण के दौरान विधानसभा परिसर में चल रहे निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। एसपी चमोली ने कहा कि सत्रों के दौरान सुरक्षा, आवागमन और आपात सेवाओं की भूमिका अहम होती है, ऐसे में निर्माण कार्यों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण पूरा होना जरूरी है।

इसके साथ ही पुलिस से जुड़े महत्वपूर्ण नवीन निर्माण कार्यों एवं पुलिस कर्मियों की आवासीय व्यवस्थाओं का भी भौतिक निरीक्षण किया गया। एसपी चमोली ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक आवासीय सुविधाएँ प्रशासन की प्राथमिकता हैं।

कार्यदायी संस्थाओं से संवाद करते हुए एसपी चमोली ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने और सभी कार्य तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ये निर्माण कार्य केवल इमारतें नहीं, बल्कि भविष्य की मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर पुलिसिंग की आधारशिला हैं।

निरीक्षण के दौरान प्रतिसार निरीक्षक आनंद रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुमित खुगशाल, उपनिरीक्षक अभिसूचना अनूप ढौढियाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

