नेशनल शूटिंग में मुजफ्फरनगर के सैयद अरहान अली का परचम, डबल ट्रैप में जीता खिताब
मुज़फ्फ़रनगर | अदनान अख़्तर
जनपद के होनहार निशानेबाज सैयद अरहान अली ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। दिल्ली में आयोजित 68वीं ऑल इंडिया नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में अरहान ने डबल ट्रैप शॉटगन (जूनियर वर्ग) प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
6 जनवरी 2026 को हुए कड़े मुकाबले में 16 वर्षीय अरहान को जीत के लिए जहां 40 अंकों की आवश्यकता थी, वहीं उन्होंने बेहतरीन एकाग्रता और सटीक निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 54 अंक हासिल किए और प्रतियोगिता में निर्णायक बढ़त बना ली।
शहर के मोहल्ला पारसनाथ निवासी सैयद असद अली के पुत्र अरहान अली की यह पहली सफलता नहीं है। इससे पूर्व वर्ष 2023 में भी उन्होंने इसी स्पर्धा में विजेता बनकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, खेल प्रेमियों और जिलेवासियों में हर्ष का माहौल है।
अरहान की इस जीत को खेल विशेषज्ञों ने मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम बताया है। यह उपलब्धि न केवल उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर इशारा करती है, बल्कि मुजफ्फरनगर के खेल इतिहास में भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

