10 दिन बाद मिला लापता चालक सुहेब का शव, जली कार ने खोला हत्याकांड का राज

मुजफ्फरनगर: छपार थाना क्षेत्र के गांव खुढ्डा निवासी 22 वर्षीय कार चालक सुहेब पुत्र शराफत की निर्मम हत्या कर दी गई। करीब 10 दिन से लापता सुहेब का सड़ी-गली हालत में शव देर रात सहारनपुर जिले के बिहारीगढ़ थाने की मोहंड चौकी क्षेत्र से बरामद हुआ।
परिजनों ने पैर के अंगूठे पर पुराने चोट के निशान से शव की पहचान की।

मामले में संदेह तब गहराया जब तीन दिन पहले सुहेब की कार शामली जिले के झिंझाना थाना क्षेत्र में जली हुई हालत में मिली थी।
7 अक्टूबर की शाम को सुहेब कार बुकिंग पर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने 10 अक्टूबर को छपार थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

गांव में मातम का माहौल है। एक साल पहले सुहेब का निकाह तमन्ना से हुआ था, और सिर्फ 25 दिन पहले ही उसके घर बेटे का जन्म हुआ था।
परिवार का इकलौता कमाने वाला बेटा अब नहीं रहा।
पोस्टमार्टम के बाद शनिवार शाम 6 बजे गांव खुड्डा में गमगीन माहौल में दफनाया गया।

छपार थाना प्रभारी मोहित सहरावत ने बताया कि सुहेब के मोबाइल की अंतिम लोकेशन सहारनपुर के बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में मिली थी।
आशंका है कि 7 अक्टूबर की रात ही उसकी हत्या कर दी गई और कार को शामली में जलाकर शव को खेत में फेंक दिया गया।

क्षेत्राधिकारी सदर रवि शंकर मिश्रा ने कहा कि गुमशुदगी का मुकदमा अब हत्या में बदला जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed