Anuj Tyagi
संजय जोशी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पर निर्णय योग्य समय पर होने की बात कही, विपक्ष पर कसा तंज
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री संगठन संजय भाई जोशी आज मुजफ्फरनगर पहुंचे। वे भाजपा के पूर्व युवा अध्यक्ष ठाकुर अरुण सिंह के पिता ठाकुर रोहतास सिंह के निधन पर उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित करने आए थे।
पूर्व राष्ट्रीय महासचिव संजय भाई जोशी ने अपने संगठनात्मक अनुभव और जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत संबंध बनाए रखने का परिचय देते हुए बताया कि देशभर में उन्हें संघ की ओर से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का चेहरा बताया जा रहा है। भाजपा के कार्यकर्ताओं में भी यह इच्छा व्यक्त की जा रही है कि संगठन को और मजबूत बनाने के लिए संजय जोशी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाए।
पत्रकारों से बातचीत करने में संजय भाई जोशी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा, इस पर स्पष्ट कहा – “योग्य समय पर ही निर्णय लिया जाएगा।” जब उनसे पूछा गया कि क्या इस बार उनका राजनीतिक वनवास समाप्त होगा, तो उन्होंने केवल मुस्कराकर इसका उत्तर टाल दिया।
संजय भाई जोशी ने बांग्लादेश, म्यांमार और नेपाल में सत्ता परिवर्तन के घटनाक्रम को आधार बनाकर भारत में तानाशाही होने की आशंका जताने वाले विपक्ष के नेताओं को कड़े शब्दों में खारिज किया। उन्होंने कहा –
“भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था सुदृढ़ एवं मजबूत है। देश में चुनी हुई सरकार कार्यरत है। विपक्ष की यह आशंका निराधार है। विपक्षी नेता निराश होकर अंधाधुंध आरोप लगा रहे हैं। वोट चोरी के मिथ्या आरोप भी पूरी तरह बेबुनियाद हैं। चुनाव आयोग की कई नोटिस देने के बावजूद विपक्ष उन्हें साबित नहीं कर पा रहा है।”
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष विजय शुक्ला, प्रदीप शर्मा, पूर्व मंत्री सुधीर बालियान, पूर्व जिला अध्यक्ष यशपाल पवार, पूर्व विधायक अशोक कंसल, जयदेव बालियान, हरीश त्यागी, मुनीष त्यागी, मनवीर तोमर थाना भवन, आरएसएस के पूर्व जिला प्रचारक राकेश कुमार सिंह, जिला मंत्री सुधीर खटीक,भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला व जिला मंत्री अध्यक्ष वैभव त्यागी, राजीव बालियान आदि प्रमुख लोग विशेष रूप से उपस्थित रहे।

