हर घर तिरंगा अभियान में श्रीमोहन तायल ने तिरंगा यात्रा का आह्वान
मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी के हर घर तिरंगा अभियान के तहत पिन्ना मंडल में मंडल प्रभारी श्रीमोहन तायल ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम नागरिकों से घरों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने और जनजागरण हेतु तिरंगा यात्रा निकालने का आह्वान किया। आजादी की 78वीं वर्षगांठ पर शहीदों को नमन करते हुए तायल ने कहा कि आजादी हमें संघर्ष और बलिदानों से मिली है, जिसे हमें राष्ट्रभक्ति के संकल्प के साथ संजोकर रखना है।

उन्होंने विपक्ष पर संविधान को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा सत्ता को साधन के रूप में प्रयोग करती है, न कि उपभोग के लिए। उन्होंने प्रधानमंत्री के विचार को दोहराते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता के लिए पहले राष्ट्र, फिर पार्टी और उसके बाद स्वयं व परिवार है। श्रीमोहन तायल ने सभी से पार्टी अभियानों में सक्रिय भागीदारी और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाएं पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम का आयोजन मंडल उपाध्यक्ष विनोद बालियान के किनोनी स्थित आवास पर हुआ, जिसमें भाजपा नेता विजय प्रजापति मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता रामपाल अमीन ने की और संचालन मंडल महामंत्री अमित पंवार ने किया। कार्यक्रम में जिला कार्यालय से हिमांशु सैनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष जयकुमार, मंडल अध्यक्ष प्रमोद कश्यप, मंडल महामंत्री विमल शर्मा, अनुराग शर्मा समेत सभी पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक और बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे।

