सिपाहियों ने एकत्र कर भगवान शिव को अर्पित किया कांवड़ियों द्वारा छोड़ा गया गंगाजल
मुज़फ्फरनगर,24 जुलाई।शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई कांवड़ यात्रा, ड्यूटी के बाद पुलिसकर्मियों ने किया शिवलिंग पर जलाभिषेक, सावन माह में 12 दिनों तक चलने वाली भव्य कांवड़ यात्रा जिले में श्रद्धा और भक्ति के साथ पूरी तरह शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई। प्रशासन की सतर्कता और आमजन के सहयोग से इस दौरान जिले में कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और यात्रा सकुशल सम्पन्न हो गई।
कांवड़ यात्रा के समापन पर शिव चौक मंदिर पर एक अनूठा दृश्य देखने को मिला, जब ड्यूटी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मी भी शिव भक्ति में लीन नजर आए। कांवड़ियों द्वारा मार्ग में छोड़े गए गंगाजल को सिपाही सुमित त्यागी और सिपाही सुमित चौधरी ने एकत्र कर भगवान भोलेनाथ के चरणों में अर्पित किया।
इसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों ने विधिवत रूप से शिव चौक मंदिर में शिवलिंग का जलाभिषेक किया। यह दृश्य केवल धार्मिक आस्था का ही प्रतीक नहीं रहा, बल्कि पुलिस बल की जनसेवा और आस्था का भी उदाहरण बना।

