ऊर्जा मंत्री अरविंद शर्मा का बिजली विभाग पर कड़ा रुख, कहा- ‘बकवास बंद करें, जनता को फेस करिए’

“अनुज त्यागी”

 

लखनऊ,23 जुलाई
उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद शर्मा एक बार फिर अपने पुराने तेवर में नजर आए। मंत्री ने चेयरमैन से लेकर प्रदेश भर के एक्सईएन तक के साथ समीक्षा बैठक में साफ शब्दों में अधिकारियों को चेताया।

बैठक में अधिकारियों की बातें सुनने के बाद मंत्री एके शर्मा ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “आप लोग अपनी बकवास बंद करिए। मैं आपकी बकवास सुनने के लिए नहीं बैठा हूं। नीचे ज़मीनी हकीकत एकदम अलग है। जनता को फेस करिए, तब असली हालात का पता चलेगा। मैं खुद कई जिलों का दौरा कर के कल लौटा हूं, जो जनता पर बीत रही है, उसका आपको अंदाजा नहीं है।”

ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों पर तंज कसते हुए कहा, “आप लोग अंधे, बहरे और काने होकर बैठे हैं। बिजली विभाग कोई बनिए की दुकान नहीं है, यह जन सेवा का विभाग है। उस हिसाब से बर्ताव करना पड़ेगा।”

मंत्री ने पूरे गांव या फीडर की बिजली काटने की प्रवृत्ति पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा, “जो उपभोक्ता समय से बिल जमा कर रहे हैं, उनकी क्या गलती है? उनके घरों की बिजली क्यों काटी जा रही है?”

जले हुए ट्रांसफॉर्मर समय पर न बदले जाने पर भी मंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “यह कौन सा न्याय है? आपने हमें बदनाम करने की सुपारी ली है क्या?”

ऊर्जा मंत्री ने विजिलेंस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा, “गलत जगहों पर छापे डाले जा रहे हैं। जहां बड़ी बिजली चोरी हो रही है, वहां कोई कार्रवाई नहीं होती। एफआईआर के नाम पर पैसा वसूली की जा रही है।”

मंत्री ने चेतावनी दी कि अब जनता के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से साफ कहा कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो व्यक्तिगत जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
:

#UPEnergyMinister
#ArvindSharma
#PowerDepartment
#UPNews
#LucknowNews
#ElectricityIssues
#PublicService
#GovernmentWarning
#BureaucracyAlert
#GroundReality
#AnujTyagiUpdate

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *