लकवा पीड़ित चंद्रसेन की हत्या, पत्नी दिशा और प्रेमी आसिफ गिरफ्तार
नागपुर में महिला ने प्रेमी संग रची हत्या की साजिश, पोस्टमार्टम में खुला राज
महाराष्ट्र के नागपुर के तरुड़ी खुर्द में प्रेम संबंधों में बाधा बने पति की गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि 30 वर्षीय दिशा ने अपने प्रेमी आसिफ इस्लाम अंसारी (27) संग मिलकर अपने पति चंद्रसेन (38) की सोते समय गला दबाकर हत्या कर दी। चंद्रसेन को एक साल पहले लकवा (पैरालिसिस) का अटैक आया था, जिसके बाद से वह बेड रेस्ट पर थे।
जानकारी के अनुसार, दिशा राटेके (30) और चंद्रसेन रामेटेके (38) की शादी 13 साल पहले हुई थी। इस दंपती की दो बेटियां और एक छह साल का बेटा है।
घर की स्थिति अच्छी नहीं होने के कारण दिशा डब्बे बेचने का कार्य करने लगी इसी दौरान दिशा की नजरें गांव के ही आसिफ अंसारी से मिलीं और दोनों में नजदीकियां बढ़ने लगीं। धीरे-धीरे दोनों के बीच संबंध बन गए और दोनों ने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। बीती रात जब चंद्रसेन गहरी नींद में था, उसी समय दिशा ने प्रेमी आसिफ संग मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद दोनों ने इसे सामान्य मौत का रूप देने की कोशिश की। दिशा ने परिवार और पड़ोसियों को बताया कि चंद्रसेन की मौत हार्ट अटैक से हुई है। हालांकि चंद्रसेन के परिजनों को दिशा की गतिविधियों पर पहले से शक था। संदेह के चलते परिवार ने पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि चंद्रसेन की मौत गला घोंटने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने दिशा से कड़ी पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया और प्रेमी आसिफ का नाम भी उजागर कर दिया। पुलिस ने दिशा और उसके प्रेमी आसिफ दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों से हत्या में प्रयुक्त तरीकों और हथियारों की जानकारी ली जा रही है।

पुलिस अब मामले की तह तक पहुंचने के लिए कॉल डिटेल्स और घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि दोनों की साजिश और हत्या की पूरी कहानी सामने लाई जा सके। गांव में घटना के बाद से लोगों में चर्चा है और मृतक के परिवार ने आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
—

