समाजवादी पार्टी ने धूमधाम से मनाई छत्रपति साहू जी महाराज की जयंती, ऐतिहासिक योगदान को किया याद
मुजफ्फरनगर।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव के निर्देशानुसार राजर्षि छत्रपति साहू जी महाराज की जयंती समाजवादी पार्टी कार्यालय, महावीर चौक मुजफ्फरनगर पर हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी एडवोकेट ने छत्रपति साहू जी महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि छत्रपति साहू जी महाराज कोल्हापुर रियासत के प्रगतिशील शासक थे, जिन्होंने 1894 से 1922 तक के शासनकाल में शिक्षा और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में क्रांतिकारी कार्य किए। उन्होंने ही सर्वप्रथम शिक्षा और नौकरियों में आरक्षण की शुरुआत कर समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया।
पूर्व जिलाध्यक्ष सतेंद्र सैनी, जिला उपाध्यक्ष व पूर्व चेयरमैन चौधरी ओमपाल सिंह, सपा नेता सत्येंद्र पाल, हनीफ इदरीसी, जोगेंद्र सैनी, मौ० मेंहदी, शादाब राणा, गजेंद्र सिंह, काजी सरफराज सहित अनेक समाजवादी पदाधिकारियों ने भी पुष्प अर्पित कर छत्रपति साहू जी महाराज के ऐतिहासिक योगदान को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से सपा कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समरसता, समानता और शिक्षा के प्रसार में साहू जी महाराज की भूमिका को याद करते हुए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की।

