बहराइच। रामगांव इलाके के बाबापुरवा महोत्तमपुर में पत्नी से विवाद के बाद आक्रोशित पति ने हंसिए से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। बीच-बचाव में आई सास, बेटी व बहन पर जानलेवा हमला किया।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। आनन-फानन में तीनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज लाया गया, जहां सास की हालत गंभीर है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

बताया जा रहा है कि महोत्तमपुर के बाबापुरवा के रहने वाले पवन कुमार यादव का विवाह श्रावस्ती जिले के भिनगा कोतवाली निवासी संगीता देवी से आठ वर्ष पूर्व हुआ था। शनिवार को घर में मांगलिक कार्यक्रम के आयोजन के दौरान बरात जाने को लेकर कहासुनी हुई थी।

रविवार को इसी बात को लेकर पवन की संगीता से कहासुनी हाेने लगी। मामला इतना बढ़ा कि उसने हंसिया उठाकर पत्नी के पेट पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।

इस दौरान बचाने पहुंची सगी बहन रेशमा यादव, चार वर्षीय बेटी रिंकी यादव व श्रावस्ती निवासी सास चंपा देवी पर भी ताबड़तोड़ वार कर उसे घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए।

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सूरज कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और हत्यारोपित पति को आलाकत्ल के साथ हिरासत में ले लिया। एसओ ने बताया कि आरोपित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *