- सिरसा। डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने शुक्रवार को पुराने डेरे में सुबह 9 बजे से 11 बजे तक सत्संग का आयोजन किया था। इस दौरान राम रहीम ने लोगों से परमार्थ के कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
ऐसे किया सत्संग की शुरुआत
बता दें कि शुक्रवार को सत्संग शुरू करने से पहले, गुरमीत सिंह ने सर्वप्रथम गुरु शाह मस्ताना के गुफा में जाकर श्रद्धा से माथा टेका। इसके बाद, सत्संग को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एमएसजी तो एक ही है।
पहले शाह मस्ताना थे, फिर शाह सतनाम और तीसरे आप सभी के सामने हैं। इसलिए, सभी लोग परमार्थ के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें।
राम रहीम के 10वीं में अंग्रेजी के पेपर में मिले थए 95 अंक
गुरमीत राम रहीम ने सत्संग में उपस्थित बच्चों के सवालों के जवाब दिए। उसने बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उसे दसवीं कक्षा में अंग्रेजी विषय में 100 में से 95 अंक प्राप्त हुए थे। इसलिए, सभी बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें।
इतना ही नहीं, सत्संग के दौरान कुछ अनुयायियों ने डेरे में सफाई अभियान चलाने का आग्रह किया। इस पर गुरमीत सिंह ने कहा कि यदि जनता चाहेगी, तो निश्चित रूप से सफाई अभियान चलाया जाएगा। सत्संग समाप्त होने के बाद डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम वापस मुख्य डेरे में लौट गया।

