नारनौंद। बीती रात हिसार दिल्ली नेशनल हाईवे पर एक अज्ञात वाहन चालक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
वीरवार को बास थाना के अंतर्गत आने वाली सोरखी पुलिस चौकी ने वीरवार को हांसी के नागरिक अस्पताल में उसके शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। बास थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फोटोग्राफी का काम कर चलाता था रोजीरोटी
मृतक के बड़े भाई गांव सोरखी निवासी संदीप मेहरा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका छोटा भाई 36 वर्षीय अरुण कुमार फोटोग्राफी का काम करता था और वह इसी काम से अपने परिवार का पेट पालने का काम करता था। बुधवार को अरूण गांव मुंढाल में किसी कार्यक्रम की फोटोग्राफी के लिए गया हुआ था।
रात करीब साढ़े 10 बजे वापस अपने घर आ रहा था। इस दौरान जब वह हैप्पी होटल के पास से क्रॉस कर गांव की तरफ जाने लगा तो उसके भाई की बाइक को किसी अज्ञात वाहन चालक ने गफलत, लापरवाही व तेज गति से चलाकर टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अरुण कुमार राष्ट्रीय राजमार्ग 9 पर बाइक सहित गिर पड़ा। राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर उसे हांसी के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अरुण कुमार के परिवार में पत्नी कोमल और डेढ़ साल की बेटी वर्षा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
बास थाना पुलिस ने संदीप के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

