मुजफ्फरनगर के गांव शेरपुर निवासी मोहसिना पुत्री हाशिम का निकाह करीब 10-12 साल पूर्व मवाना के पक्का तालाब निवासी आसिफ पुत्र वाजिद से हुआ था। महिला के तीन लड़के व एक लड़की है। स्वजन ने बताया कि मोहसिना कई दिन पहले अचानक लापता हो गई।
मोहसिना के अपहरण की कही थी बात
सोमवार दोपहर महिला के मायके व ससुराल पक्ष के लोग थाने पहुंचे। उन्होंने मोहसिना को बरामद करने की मांग की। बताया कि सैदीपुर निवासी दूधिया संजय गुर्जर पर उन्हें मोहसिना का अपहरण करने का शक है। इसी बीच मोहसिना भी थाने पहुंच गई।
संजय गुर्जर के साथ रहने की मोहसिना ने की बात
इंस्पेक्टर विशाल श्रीवास्तव को बताया कि वह संजय गुर्जर के साथ रहना चाहती है। उसने आरोप लगाया कि पहला पति आसिफ स्मैक व शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। कई बार मायके व ससुरालियों को बताया। उन्होंने कोई कदम नहीं उठाया। वह मर्जी से संजय के साथ गई है और मंदिर में एक दूसरे से शादी की है। वह डेढ़ साल से संजय के संपर्क में है।
मतांतरण कर मोनिका बनी
मतांतरण कर मोहसिना से मोनिका गुर्जर बन गई है। उसने मायके व ससुरालियों से ससुरालियों को खतरा बताया। मायके वालों ने उसे अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। उसने मना कर दिया और हंगामा कर दिया। विहिप जिलाध्यक्ष सुभाष गाबा थाने पहुंचे। मोनिका ने खुद को बालिग बताते हुए इंस्पेक्टर को प्रार्थनापत्र दिया और संजय के साथ चली गई।

