बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा ज‍िले में प्यार में धोखा मिलने से नाराज प्रेमी ने घर में घुसकर प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या कर दी। चीख-पुकार सुनकर प्रेमिका के घरवालों ने आरोपी प्रेमी को लाठियों से पीट-पीट कर मार डाला। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
पैलानी थाना के ग्राम महाबरा में प्यार में धोखा मिलने से नाराज पड़ोसी गांव सबादा के 28 वर्षीय प्रेमी राहुल बाल्मीकि ने सोमवार तड़के तीन बजे घर में घुसकर अपनी 23 वर्षीय प्रेमिका जाकरीन पत्नी इरफान की पेट में चाकू घोंपकर हत्या कर दी।

पहले गला रेतने की कोशि‍श की

हत्यारोपित ने पहले गला रेतने का भी प्रयास किया। इस बीच चीख-पुकार सुनकर प्रेमिका के स्वजन ने प्रेमी को लाठी डंडों से पीट-पीट कर मरणासन कर दिया। उसका पैर तोड़ दिया। पुलिस प्रेमिका व घायल प्रेमी को जिला अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने प्रेमिका को मृत घोषित किया। वहीं, उपचार के दौरान प्रेमी की भी कुछ देर बाद मौत हो गई है।

घर में घुसकर वारदात को द‍िया अंजाम

प्रेमिका के स्वजन व पुलिस ने बताया कि दिसबंर माह में जाकरिन की शादी शहर के परशुराम तालाब मोहल्ले में हुई थी। घटना के एक दिन पहले रविवार को वह ससुराल से अपने मायके महाबरा गांव आई थी। जहां घर में घुसकर प्रेमी ने वारदात को अंजाम दिया है।

एएसपी ने कहा- मामले की जांच जारी

एएसपी शिवराज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी दोनों के स्वजन की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। प्रेमिका के पेट में चाकू मारी गई है। युवती के पिता व भाई कैफ मुंबई में रहकर कमाते हैं। उन्हें घटना की सूचना दी गई है। युवती के पति का भी मुंबई में होना बताया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

घर में पड़ा मिला अधिवक्ता का शव, दूसरी पत्नी पर हत्या का आरोप

उधर, उन्नाव के शुक्लागंज में गंगाघाट क्षेत्र के पोनी गांव निवासी 45 वर्षीय अधिवक्ता की रविवार सुबह करीब 8:30 बजे घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। एंबुलेंस से शव ले जा रही दूसरी पत्नी को ग्रामीणों ने रोक लिया। दाहिने हाथ के अंगूठे में स्याही लगी देख संपत्ति संबंधी दस्तावेजों पर अंगूठा लगवाने का अंदेशा जता शव को एंबुलेंस से नीचे उतरवाकर अन्य स्वजन को जानकारी दी। स्वजन ने दूसरी पत्नी पर प्रॉपर्टी के लिए जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने से विसरा सुरक्षित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *