अलीगढ़। मीनाक्षी पुल व दोदपुर में एक ही रात में महिलाओं से पर्स लूट के आरोपित को पुलिस ने बुधवार की रात मुठभेड़ में दबोच लिया। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपित पर 25 हजार रुपये का इनाम भी था। सासन गेट थाने में हिस्ट्रीशीट भी खुली हुई है। महिलाओं से लूट के मामले में उसके दो साथियों को पुलिस पहले जेल भेज चुकी है।
सीओ द्वितीय राजीव द्विवेदी ने बताया कि बुधवार रात बदमाश के भदेसी पुल पर होने की एसओजी को सूचना मिली। इसके बाद गांधीपार्क थाना प्रभारी एसपी सिंह टीम सहित व एसओजी टीम ने घेराबंदी की। टोकने पर आरोपित ने पुलिस फायरिंग की।
पैर में गोली लगने से घायल हुआ बदमाश
पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। उससे तमंचा, कारतूस व नकदी आदि बरामद हुई। घायल को रात में ही जिला अस्पताल ले जाया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम देवेंद्र उर्फ कालू निवासी पला रोड सासनी गेट बताया।
एसएसपी ने घोषित किया था 25 हजार रुपये का इनाम
मीनाक्षी पुल पर 12-13 नवंबर की रात महिला से पर्स छीनने व उसी रात दोदपुर में एक महिला से पर्स छीनने की घटना को भी स्वीकार किया। यह भी बताया कि इस लूट में मिला मोबाइल फोन बेचकर उसे एक हजार रुपये मिले। बाकी रकम उसके दो साथ कपिल व मोहित ले गए, जिन्हें पुलिस ने 17 नवंबर को पकड़कर जेल भेजा था। मीनाक्षी पुल की घटना के बाद ही एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। देवेंद्र पर लूट आदि के 20 मुकदमे दर्ज हैं।

