नोएडा। नौंवी कक्षा के छात्र ने पढ़ाई से बचने के लिए मंगलवार रात नोएडा सेक्टर -126 स्थित ज्ञानश्री, मयूर पब्लिक स्कूल, द हेरिटेज व स्टेप बाय स्टेप स्कूल को ई-मेल भेजकर बच्चों को क्रूरता से मारने व बम से उड़ाने की धमकी दे दी। अगली सुबह 8:30 बजे स्कूल प्रबंधकों के ई-मेल चेक करते ही होश उड़ गए।

कंट्रोल रूम पर सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी स्कूलों की तरफ दौड़ पड़े। छात्र-छात्राओं को बाहर निकालकर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड के साथ जांच की। वहीं, अभिभावक भी स्कूलों पहुंच गए। पुलिस ने ईमेल भेजने वाले की पहचान एक छात्र के रूप में कर देर रात मामले का खुलासा कर दिया।

मंगलवार रात 12 बजे आई थी ई-मेल

डीसीपी रामबदन सिंह ने बताया कि चारों स्कूल को ई-मेल मंगलवार रात 12 बजे आई थी। सुबह साढ़े आठ बजे प्रबंधन ने सिस्टम पर ई-मेल चेक की तो तुरंत प्रिंसिपल और अन्य पदाधिकारियों को मामले की सूचना दी गई। इस बीच चारों स्कूल में पढ़ाई शुरू हो चुकी थी।

प्रबंधन ने पुलिस अधिकारियों को सूचना देकर ई-मेल चेक कराई। चारों स्कूल की ई-मेल में लिखा था कि सभी बच्चों को मारकर बदला लूंगा। स्कूलों की तरफ से बम की सूचना पर एडीसीपी सुमित कुमार शुक्ला, एसीपी प्रवीण कुमार और थाना प्रभारी ने बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और भारी संख्या में पुलिस बल के साथ जांच शुरू कर दी।

दो घंटे की जांच में नहीं मिला कुछ संदिग्ध

स्कूल परिसर को पूरी तरह खाली कराने के बाद दो घंटे की जांच में टीम को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। तब अधिकारी और प्रबंधन ने राहत की सांस ली। डीसीपी ने बताया कि साइबर सुरक्षा की चार टीमें ईमेल भेजने वाले का पता करने में जुटी थीं।

टीम को लिंक मिला तो ईमेल भेजने वाली की पहचान एक छात्र के रूप में हुई। उसने बात करने पर पता चला कि वह नोएडा के ही एक स्कूल में कक्षा नौंवी की पढ़ाई करता है। बुधवार को उसका स्कूल जाकर पढ़ने का मन नहीं था।

लिहाजा उसने स्कूल को धमकी भरा ई मेल भेजने की योजना बनाई। छात्र ई मेल लिख ही रहा था कि वह उसे खुद के पकड़े जाने की डर सताने लगा। इससे बचने के लिए उसने गूगल से अन्य तीन स्कूलों की ईमेल आईडी लेकर उन्हें भी धमकी भरा मेल भेज दिया।

छात्र-छात्राओं के टेस्ट के बीच में मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, ई-मेल देखने के बाद प्रबंधन ने सभी चल रहीं क्लासों को तुरंत बंद करा दिया। छात्र-छात्राओं को स्कूल से बाहर निकाला गया। अभिभावक भी बच्चों को लेने स्कूल पहुंच गए।

इस बीच कुछ बच्चे जो बस से आते हैं उन्हें भी दोबारा बस में बैठा दिया गया। सेक्टर 128 और 132 के दो स्कूलों में छात्र-छात्राओं की विषय आधारित परीक्षा थी। इसलिए पुलिस जांच के बाद उन छात्र-छात्राओं को रोककर टेस्ट लिया गया।

पहले भी आ चुके हैं मामले

  • 1 मई 2024- नोएडा और ग्रेटर नोएडा स्थित डीपीएस स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली, पुलिस जांच में यह फर्जी निकली
  • 17 अगस्त 2024-नोएडा सेक्टर 18 स्थित डीएलएफ माल को उड़ाने की धमकी दी गई थी, पुलिस ई-मेल की जांच कर रही है
  • 20 दिसंबर 2024-सेक्टर 126 थानाक्षेत्र में लोटस वैली स्कूल को बम से 48 घंटे में उड़ाने की धमकी मिली, पुलिस अभी जांच कर रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *