मेरठ। सीबीआई की एंटी करप्शन विंग ने जागृति विहार के सेक्टर चार में इंडियन ऑयल कार्पोरेशन लि.के अधिकारी मोहित सिंह के घर पर छापामारी की। यह कार्रवाई सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक जारी रही। मेरठ के अलावा पानीपत और मुजफ्फरनगर स्थित आवासों पर सीबीआइ की टीम ने पहुंचकर पड़ताल की।

मोहित सिंह की वर्तमान में तैनाती पानीपत में है। काफी दिनों से उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला सीबीआइ की गाजियाबाद यूनिट में चल रहा है। बुधवार की सुबह नौ बजे सीबीआइ की एंटी करप्शन विंग ने मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर चार जागृति विहार में मोहित सोम पुत्र देवेंद्र कुमार के घर पर छापामारी की।

डीजल और पेट्रोल में मिलावट का आरोप

मोहित सिंह पर आरोप है कि उन्होंने पेट्रोल और डीजल में मिलावट कर मेरठ और बुलंदशहर जनपदों के पंपों पर सप्लाई का आरोप है। उनके इस कृत्य से वाहनों को नुकसान तो हुआ ही। साथ ही सरकार को भी राजस्व की हानि उठानी पड़ी। बताया जाता है कि सीबीआई की जांच में सामने आया कि इंडियन ऑयल कंपनी में मोहित के खिलाफ शिकायतें दर्ज की गई थी।

कंपनी की तरफ से इस मामले मेंं कोई संज्ञान नहीं लिया गया। उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत सीबीआइ के एंटी करप्शन विंग में की। उसके बाद सीबीआइ ने मोहित सिंह की जांच शुरू कर दी।

50 करोड़ से अधिक अवैध संपत्ति

इंस्पेक्टर शीलेश यादव ने बताया कि बुधवार को सीबीआइ की टीम ने उनके मेरठ के जागृति विहार स्थित आवास पर छापामारी की। वहां से संपत्ति के कागजात और इंडियन ऑयल की रिकार्ड तथा लैपटॉप से भी अनेक जानकारी मिली। शाम पांच बजे तक सीबीआइ की कार्रवाई जारी रही। उसके बाद सीबीआइ सभी दस्तावेज लेकर वहां से गाजियाबाद के लिए रवाना हो गई। चर्चा है कि उनके पास 50 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति है।

किशोरी को अगवा करने वाला आरोपित गिरफ्तार

वहीं जिले में नौचंदी पुलिस ने किशोरी को अगवा करने वाले आरोपित को बिलारी मुरादाबाद, हाल पता सेक्टर नौ जागृति विहार निवासी निहाल गोस्वामी उर्फ निक्कू को गिरफ्तार किया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि 18 जनवरी को मेडिकल क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी घर से काम पर जाने की बात कहकर निकली थी। जिसके बाद वापस नहीं लौटी।

काफी तलाश करने के बाद जब नहीं मिली तो परिजनों ने नौचंदी थाने में अपहरण और पोक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के माध्यम से जांच पड़ताल करनी शुरु कर दी। जिसके बाद पुलिस ने निहाल गोस्वामी उर्फ निक्कू को नौचंदी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता के 161 के बयान करा दिए है जबकि 164 के बयान होना अभी बाकी है। एसपी सिटी ने बताया कि किशोरी का मेडिकल कराया जाएगा। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *