रादौर (यमुनानगर)। हरियाणा के यमुनानगर जिले के रादौर के जठलाना में बाइक की साइड लगने पर वीरवार को दो पक्षों में झगड़ा हो गया। जिसमें एक पक्ष की ओर से महिलाओं और पुरुषों ने घर में घुसकर युवक को पीटा।

बचाव में आई उसकी मां 41 वर्षीय सुमन की लात व घूसों से पीटकर हत्या कर दी। मौत के बाद भी आरोपित महिला को पीटते रहे।

8 लोगों पर हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने शिकायत पर पांच को नामजद करते हुए आठ पर हत्या सहित अन्य धारा में केस दर्ज किया है। पुलिस शिकायत में जठलाना के सोहन लाल ने बताया उसका बेटा 19 वर्षीय साहिल बिग विग प्लाईवुड फैक्ट्री में कार्य करता है।

बुधवार सुबह वह दोस्त मोहिन के साथ निकला था। जब वह गांव में ही डेरी के पास पहुंचे तो उनके साथ सचिन, नितिन व गोलू ने मारपीट की।

थोड़ी देर बाद सचिन परिवार के रणबीर, जोनी, तीन महिलाओं सहित छह-सात लोगों के साथ घर में घुस आए और साहिल को पकड़ पीटने लगे। बचाव में पत्नी सुमन आई तो आरोपितों ने उसे भी लात व मुक्कों से पीटा। जिससे उसकी मौत हो गई।

एक पक्ष ने घर में घुसकर किया हमला

डीएसपी आशीष चौधरी ने बताया कि कुछ युवाओं के बीच झगड़ा हुआ है। जिसमें ही एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर सुमन को पीटा। जिसमें उसकी मौत हुई। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता लगेगी। फिलहाल हत्या सहित अन्य धारा में केस दर्ज किया है।

घर आते ही कर दिया हमला

देवरानी पूजा ने बताया कि शोर सुनकर वह घर पहुंची। अंदर हमलावर थे। वह साहिल को पीट रहे थे। सुमन को भी मुक्के मार रहे थे। छोड़ने के लिए हमलावरों के आगे काफी हाथ जोड़े और विनती की, लेकिन वह पीटते रहे। जब आसपास के लोग एकत्र होने लगे तो हमलावर भाग निकले।

दोनों पक्षों में मारामारी

बताया जा रहा है कि बाइक की साइड लगने पर साहिल और सचिन के बीच झगड़ा हो गया था। उस दौरान साहिल के साथ मोहिन व सचिन के साथ गोलू और जोनी थे। दोनों पक्षों में मारामारी हुई। इस बारे में सचिन ने घर बताया। जिसके बाद ही सचिन व उसके परिवार के लोग साहिल के घर पर पहुंच गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *