चंडीगढ़। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने पंजाब दौरे के दौरान किसानों के मुद्दे पर पंजाब सरकार की घेराबंदी की है। नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार राज्य की सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद रही है। पंजाब में ऐसी व्यवस्था नहीं है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को यदि किसानों से प्रेम है और वह किसानों की हितैषी होने का दम भरती है तो वह अपने राज्य में सभी फसलें एमएसपी पर खरीदने का निर्णय ले। नायब सैनी ने दावा किया कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जाएंगी।

हरियाणा सरकार किसानों की सच्ची हितैषी- CM सैनी

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंजाब के रोपड़ में आयोजित सैनी महासम्मेलन में भागीदारी की। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के चेयमरैन इकबाल सिंह लालपुरा और रोपड के भाजपा जिला प्रधान अजयवीर सिंह लालपुरा के बुलावे पर मुख्यमंत्री नायब सैनी कार्यक्रम में शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि केंद्र व हरियाणा की भाजपा सरकार किसानों की सच्ची हितैषी है। इसी का साक्ष्य है कि हरियाणा ने किसानों की शत प्रतिशत फसलों की एमएसपी पर खरीद की है और 12 लाख किसानों के खाते में एक लाख 25 हजार करोड़ रुपये डाले हैं। फसल खरीद के बाद देरी से पेमेंट होने पर 78 करोड़ रुपये ब्याज के तौर पर किसानों को दिए गए हैं।

पंजाब की AAP सरकार पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब में पहले कांग्रेस सरकार और अब मौजूदा आम आदमी पार्टी की सरकार किसानों की सुध नहीं ले रही है। किसानों की फसलों को एमएसपी पर नहीं खरीदा जा रहा है। जिस वजह से किसान आंदोलनरत हैं।

मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार को सलाह दी कि वे विधानसभा में बिल लाकर किसानों की शत प्रतिशत फसलों को एमएसपी पर खरीदने का काम करें। पंजाब में भाजपा सरकार आने पर किसानों की शत प्रतिशत फसलों की एमएसपी पर खरीद की जाएगी।

नायब सैनी ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां

नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले साल हरियाणा में खरीफ सीजन में बारिश देर से हुई थी, जिस कारण किसानों को फसल की बुआई के लिए सिंचाई व दूसरे इंतजाम करने पड़े। हरियाणा सरकार ने किसानों की पीड़ा को समझा और दो हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से बोनस के तौर पर उनके खाते में डाले।

प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और पीजीआई में किडनी के रोग से पीड़ित रोगियों को मुफ्त डायलिसिस की सेवाएं भाजपा सरकार ने प्रदान की हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की थी कि 70 वर्ष से ज्यादा आयु के बुजुर्गों को आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। हरियाणा सरकार ने प्रदेश के बुजुर्गों को इस योजना का लाभ दिया और इस मद पर अब तक 2500 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

‘महिलाओं को भाजपा 33 प्रतिशत आरक्षण देगी’

मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि हरियाणा में पिछड़ा वर्ग की लंबे समय से मांग थी कि उनकी क्रीमिलेयर की आय सीमा को बढ़ाया जाए। हरियाणा सरकार ने इस आय सीमा को छह लाख से बढ़ाकर आठ लाख रुपये कर दिया है। इसका पिछड़ा वर्ग को लाभ मिला है।

सीएम सैनी ने कहा कि अगले लोकसभा व राज्य विधानसभाओं के चुनावों में महिलाओं को भाजपा 33 प्रतिशत आरक्षण देगी, जो कि नारी सशक्तीकरण का बड़ा उदाहरण है।

उन्होंने बीबी शरणदीप कौर को दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की सच्ची सिपाही बताया। गुरु जी द्वारा चलाए गए धर्म युद्ध में बीबी शरणदीप ने मुगल आक्रांताओं के खिलाफ लड़ते हुए शहादत दी थी। माता सावित्रीबाई फुले समाज की गौरव हैं। वे ना सिर्फ भारत की पहली महिला शिक्षिका थीं, बल्कि एक महान समाज सेविका और महिलाओं के अधिकारों की प्रणेता थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *