वाट्सएप कॉल करके भी करता है परेशानी
गांव पूठर के सरपंच सुमेर ने बताया कि 12 जनवरी की रात गांव में सफेद कार सवार अज्ञात व्यक्ति महिलाओं, बहू-बेटियों के नाम से अभद्र टिप्पणियां लिखे पर्चे डाल गया। इसे लेकर गांव के लोगों में रोष है। पर्चे डालने वाला व्यक्ति विदेशी नंबर से वाट्सएप कॉल कर लोगों को परेशान करता है।
सीसीटीवी चेक करने पर खुला मामला
गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए, तो पता लगा कि 12 जनवरी की रात करीब दस बजे गांव में पर्चे डाले गए। पर्चे डालने वाले कार से आए थे। सरपंच ने पुलिस से मांग की है कि उक्त समय का गांव में आने जाने वालों के मोबाइल की लोकेशन चेक की जाए, जिससे पर्चे फेंकने वाले आरोपी के बारे में पता चल सके।
ग्रामीणों में भय का माहौल
ग्रामीणों को इन पर्चे को लेकर तरह-तरह की बातें परेशान कर रही है। पर्चे किस मकसद से डाले गए हैं। ये पर्चे डालने वाले अज्ञात लोग कौन हैं। क्या पुलिस आरोपियों को पकड़ पाएगी या नहीं। वाट्सएप पर आ रही कॉल से भी ग्रामीणों मे भय का माहौल है।
पंचायत ने की बैठक
गांव में अभद्र टिप्पणियों वाले पर्चे फेंकने के बाद सरपंच सुमेर की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने कहा कि अब हद हो गई, यह तो बदनाम करने के लिए किया गया होगा। ऐसा करने वालों का पंचायत बहिष्कार करेगी। पंचायत ने मांग की कि जल्द पर्चे फेंकने वाले आरोपित का पता लगाकर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

