अयोध्या। आज (11 जनवरी) से रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का वार्षिकोत्सव शुरू हो रहा है। इसे प्रतिष्ठा द्वादशी नाम दिया गया। पहले दिन रामलला का महाभिषेक आस्था का केंद्र होगा, जो सुबह साढ़े दस बजे से प्रारंभ होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामलला के अभिषेक के माध्यम से अपनी आस्था अर्पित करेंगे।
इस विशिष्ट अवसर पर 70 विशिष्ट संत भी मौजूद रहेंगे। इसमें अधिकांश संत अयोध्या के होंगे। कुछ संत बाहर से भी आ रहे हैं। संतजन गर्भगृह के बायी व दाहिनी ओर निर्मित मंडप में भी उपस्थित रहेंगे। यहीं पर समवेतरूप से रामनाम का संकीर्तन होता रहेगा। ट्रस्टी भी उपस्थित होंगे। कीर्तन मंडप में प्रख्यात कवि कुमार विश्वास अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे।

प्रांत संघ चालक सरदार स्वर्ण सिंह सहित 26 यजमान अयोध्या

ट्रस्टी डॉक्टर अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि महाभिषेक के दौरान मंदिर में लगभग 70 संत मौजूद रहेंगे। इसके अलावा यज्ञ मंडप व तीर्थ सेवा केंद्र के लिए कुल लगभग 26 यजमानों के नाम तय हैं। ये अलग अलग दिन यजमान के रूप में अनुष्ठान में प्रतिभाग करेंगे। प्रमुख यजमानों में अवध प्रांत के प्रांत संघ चालक सरदार स्वर्ण सिंह, लखनऊ के अरविंद जैन, बलरामपुर के अभिमन्यु सहित कई विशिष्टजन होंगे।

ये सभी अलग-अलग दिन यजमान के रूप में दायित्व का निर्वहन करेंगे। इसके अलावा एलएंडटी के इंजीनियर यजमान होंगे। यात्री सुविधा केंद्र में संयोजित होने वाले अखंड रामायण पाठ में डा. आशु शुक्ला व डा. चंद्रगोपाल पांडेय यजमान होंगे।

प्रसाद के लिए बेसन के लड्डू

तीन दिन तक श्रद्धालुओं को इलायची दाना के अतिरिक्त बेसन के लड्डू का प्रसाद भी बांटा जाएगा। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट इसे कारसेवकपुरम में निर्मित करा रहा है। राम मंदिर में महाभिषेक व आरती के बाद संतों को भी प्रसाद भेंट किए जाने की योजना है। व्यवस्था से जुड़े विहिप नेता गोपाल राव ने बताया कि एक लाख लड्डू तैयार हो रहे हैं। हालांकि एक अन्य पदाधिकारी ने बताया कि कुछ भक्तों ने भी प्रसाद वितरण कराने की इच्छा व्यक्त की है।

प्रतिष्ठा द्वादशी के तीन दिवसीय आयोजन में आमंत्रित अतिथियों को राम मंदिर परिसर में रंग महल बैरियर स्थित गेट संख्या-दो से प्रवेश दिया जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य अति विशिष्ट अतिथि वीवीआइपी गेट संख्या-11 से ही राम मंदिर में जाएंगे। सुरक्षा कारणों से रामपथ पर स्थित गेट संख्या-तीन को आवश्यकता पड़ने पर ही खोला जाएगा। विशिष्ट अतिथियों के प्रवेश व निकास को लेकर शुक्रवार को भी श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों व सुरक्षा अधिकारियों के बीच मंथन हुआ। इसके बाद विशिष्ट अतिथियों को रंग महल बैरियर से राम मंदिर में प्रवेश दिए जाने पर सहमति बनी है।

सूत्रों ने बताया कि साधारण दर्शनार्थियों को राम मंदिर में दर्शन के लिए रामजन्मभूमि पथ से प्रवेश दिया जाएगा। रामलला के दर्शन के उपरांत उन्हें यात्री सुविधा केंद्र के पास स्थित प्रवेश द्वार से अंगद टीले की ओर निकाला जाएगा। यहां पर श्रद्धालु भोजन प्रसाद लेकर गंतव्य की ओर जाएंगे और बगल में बने विशाल पंडाल में मुख्यमंत्री का संबोधन सुन सकेंगे और श्रीरामकथा व सांस्कृतिक संध्या में भी सम्मिलित हो सकेंगे।

प्रतिष्ठा द्वादशी कार्यक्रम

रामलला महाभिषेक, श्रृंगार, भोग एवं प्राकट्य आरती प्रात: 10 बजे से दोपहर 12.20बजे तक

मंदिर परिसर यज्ञ मंडप

शुक्ल यजुर्वेद संहिता पारायण, होम प्रात: आठ बजे से 11 बजे तक तथा दोपहर दो बजे से पांच बजे तक। -श्रीराममंत्रराज जप, यज्ञ एवं रामस्तवराज, पुरुष सूक्त, श्रीसूक्त, रामरक्षा स्तोत्र, विष्णुसहस्रनाम, गणपत्यथर्वशीर्ष पाठ प्रात: आठ बजेसे 11बजे तक तथा दोपहर दो से पांच बजे तक।

प्रार्थना मंडप दक्षिण

श्रीराम राग सेवा दोपहर तीन से पांच बजे तक

रामलला के सम्मुख गर्भगृह के बाहर -बधाई गान सायं छह बजे से रात नौ बजे तक

यात्री सुविधा केंद्र प्रथम तल

-संगीतमय तीन दिवसीय रामचरितमानस पाठ प्रात: सात से नौ बजे तक

अंगद टीला प्रांगण

रामायण प्रवचन दोपहर 3.30 से सायं पांच बजे तक

श्रीराम जन्मकथा दोपहर दो से 3.30 बजे तक -रामलीला, नृत्य, गान, वाद्य एवं अन्य सायं 5.30 बजे से 7.30 बजे तक

रामलला के दर्शनार्थियों के लिए अनवरत महाप्रसादम योजना का आरंभ प्रात: 11 बजे से।

प्रतिष्ठा द्वादशी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रवचन दोपहर दो बजे

"
""
""
""
""
"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *