बर्फबारी से गंगोत्री हाईवे बाधित
बर्फबारी होने से गंगोत्री हाईवे सोमवार की शाम को ही अवरुद्ध हो गया था। हाईवे अवरुद्ध होने के कारण हर्षिल जा रहे अपर सचिव सी रविशंकर को सुक्की टॉप से वापस लौटना पड़ा। बर्फबारी में फिसलन का खतरा देखते हुए सोमवार की देर रात को पुलिस और स्थानीय लोगों ने हर्षिल की ओर जा रहे पर्यटकों के वाहनों को भटवाड़ी उत्तरकाशी की ओर लौटाया। सुक्की से वापस लौटते समय कई वाहन बर्फ में फिसलते और रेंगते हुए लौटे।
बीआरओ की अलग-अलग टीम ने सुक्की, हर्षिल, झाला और भैरव घाटी से गंगोत्री हाईवे को सुचारू करने में जुटी। जिस क्षेत्र में बर्फ को हटाया गया वहां हाईवे पर बर्फ की परत होने से फिसलने का खतरा बना हुआ है।बर्फबारी से स्थानीय ग्रामीण भी खुश हैं। फसलों के लिए इस वर्षा और बर्फबारी को सही मान रहे हैं।
ऊंचाई वाले गांवों में चौलाई, आलू, राजमा और सेब की पैदावार खूब होती है। फसल चक्र को नियमित करने के लिए अनुकूल तापमान की भी आवश्यकता होती है।
पर्यटकों ने लिया आनंद
उत्तरकाशी : बर्फबारी ने जनपद की वादियों की खूबसूरती बढ़ा दी है। बर्फबारी के बीच पर्यटक केदारकांठा पहुंचे हैं। पर्यटकों के लिए यह काफी रोमांचित करने वाला नजारा रहा है। सांकरी हिमालयन हॉकर्स ट्रैकिंग संस्था के चैन सिंह रावत ने बताया कि इसी सीजन में यह पहली अच्छी बर्फबारी है। इससे पहले 11 दिसंबर को बर्फबारी हुई है लेकिन वह बर्फबारी काफी कम थी। केदारकांठा जाने वाले हर एक पर्यटक को बर्फबारी का इंतजार भी रहता है। बर्फ की चादर से पहाड़ी ढलान और अधिक खूबसूरत दिखते हैं।

