मंडालायुक्त सहारनपुर ने ग्राम शिक्षा सभा केंद्र छपार( जय भारत इंटर कालेज छपार) के 32 नए सदस्य को किया बहाल, समर्थकों में खुशी की लहर
मुज़फ्फरनगर,छपार। ग्राम शिक्षा सभा केंद्र छपार के द्वारा जय भारत इंटर कालेज छपार संचालित हो रहा है। ग्राम शिक्षा सभा के अध्यक्ष सुरेश चंद्र व मंत्री विष्णुदत्त त्यागी के द्वारा 32 नए सदस्य बनाए गए थे, जिन्हें सहायक रजिस्ट्रार सहारनपुर ने अनुमोदित कर दिया था। सुरेश चंद्र व कुछ अन्य सदस्यों ने सहायक रजिस्ट्रार के यहां शिकायत की थी कि नए सदस्य बनाने की कार्यवाही पर हमारे हस्ताक्षर फर्जी है, सहायक रजिस्ट्रार सहारनपुर ने हस्ताक्षरों को प्रमाणित कराने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला निवाडी गाजियाबाद भेज दिया था। इसी बीच शिकायत कर्ताओं ने सदस्य बनाने की शिकायत लखनऊ शासन में कर दी थी, शासन ने डिप्टी रजिस्ट्रार मेरठ को जांच सौप दी, डिप्टी रजिस्ट्रार मेरठ ने अपनी जांच रिपोर्ट में 32 नए सदस्य बनाने की प्रक्रिया को सही पाया। विधि विज्ञान प्रयोगशाला निवाडी गाजियाबाद की जांच रिपोर्ट में भी हस्ताक्षरों को सही पाया गया। लेकिन इसके बावजूद भी सहायक रजिस्ट्रार सहारनपुर ने अपने ही द्वारा अनुमोदित किए गए 32 सदस्यों को अमान्य घोषित कर दिया था। सहायक रजिस्ट्रार सहारनपुर के आदेश के विरुद्ध ग्राम शिक्षा सभा केंद्र छपार के मंत्री विष्णुदत्त त्यागी ने मंडालायुक्त सहारनपुर के यहां अपील की। सहारनपुर मंडालायुक्त ने 23 सितंबर 2024 को जारी अपने आदेश में नए सदस्य बनाने की प्रकिया को सही मानते हुए 32 नए सदस्यों को मान्य घोषित कर दिया है। जिससे विजयपाल त्यागी व विष्णुदत्त पक्ष में खुशी का माहौल है।

