देवबंद और बड़गांव में शरारती तत्वों ने दो धार्मिक स्थलों मे रखी मूर्तियां तोड़ी, हंगामा
देवबंद के खेड़ी आशा में भगवान गणेश की मूर्ति तो बड़गांव के मियानगी में तोड़ी गई संत रविदास की मूर्ति
सामाजिक सौहार्द को बिगड़ने का किया गया बड़ा प्रयास, पुलिस बल तैनात

सहारनपुर, देवबंद।
शरारती तत्वों ने थाना देवबंद और बडगांव क्षेत्र में संत रविदास और भगवान श्री गणेश के मंदिर में तोड़फोड़ करते हुए माहौल बिगड़ने का प्रयास किया। दोनों स्थानों पर मूर्ति तोड़ दी गई। सूचना पर पहुंचे पुलिस के अधिकारियों ने गुस्साई भीड़ को शांत करते हुए स्थिति को बामुश्किल संभाला।
रविवार को देवबंद सर्किल के थाना बड़ागांव क्षेत्र के गांव मियानगी में स्थित संत शिरोमणि रविदास के मंदिर में घूस शरारती तत्वों ने गांव का सामाजिक सौहार्ट बिगड़ने की साजिश रचते हुए संत रविदास की मूर्ति को खंडित कर दिया। मूर्ति के ऊपर के हिस्से पर हथौड़े से वार किए गए। जैसे ही सुबह मंदिर के पुजारी संत रविदास की आरती के लिए पहुंचे तो वहां पर मूर्ति खंडित देख उन्होंने शोर मचा दिया। इसके बाद मौके पर दलित समाज के लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही थाना बड़गांव प्रभारी सत्येंद्र राय और और सीओ देवबंद अशोक कुमार सिसोदिया भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और पूरे मामले की ग्रामीणों से जानकारी ली। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को भी शांत किया और उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस के अधिकारियों के साथ ग्रामीण संत शिरोमणि रविदास की दूसरी प्रतिमा लेने के लिए निकल गए देर शाम तक गांव में दूसरी प्रतिमा स्थापित करा दी जाएगी। उधर, देवबंद कोतवाली क्षेत्र के गांव खेड़ी आशा में स्थित शिव मंदिर में घुसे शरारती तत्वों ने भगवान श्री गणेश की मूर्ति को खंडित कर दिया। ग्रामीण बंटी त्यागी ने बताया की रात्रि में अज्ञात लोगों द्वारा भगवान श्री गणेश की मूर्ति को तोड़ा गया है। यहां भी मूर्ति के ऊपर हथौड़े से वार किया गया और उसको खंडित कर दिया। सीओ अशोक सिसोदिया ने बताया ग्रामीणों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। किसी भी सूरत में माहौल खराब नहीं होने दिया जाए। उन्होंने कहा पूरे प्रकरण में गंभीरता के साथ जांच की जा रही है।
रविवार को देवबंद सर्किल के थाना बड़गांव और कोतवाली अलग-अलग स्थान पर दो मंदिरों में हुई मूर्तियां खंडित का मामला एक बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है। पूरे मामले में अब खुफिया एजेंसी जांच कर रही है। सूत्रों की माने तो शरारती तत्व दलित और स्वर्ण समाज के बीच खाई पैदा करना चाहते हैं। इसके चलते भी यह पूरा मामला हो सकता है। लेकिन एक ही दिन दो अलग-अलग क्षेत्र में धार्मिक स्थलों में मूर्तियां खंडित होना एक बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रही। जिसकी तय तक पुलिस को हर हालत में पहुंचना चाहिए।
वर्जन…….
दोनों प्रकरणों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। किसी भी सूरत में माहौल को खराब नहीं होने दिया जाएगा।
सागर जैन, एसपी देहात सहारनपुर।
प्रशांत त्यागी

