करोड़ों रुपए की सरकारी संपत्ति पर कब्जा कर आवासीय मकान बनाने के मामले में 28 लोगों पर मुकदमा दर्ज
बजरंग दल नेता की शिकायत पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
जिलाधिकारी द्वारा कराई गई थी जांच
सहारनपुर, देवबंद। प्रशांत त्यागी
सरकारी भूमि पर कब्जा कर आवासीय मकान बनाने के मामले में प्रशासन द्वारा 28 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पूरे प्रकरण में बजरंग दल नेता विकास त्यागी द्वारा शासन में शिकायत की थी। डीएम के आदेश पर मामला सही पाए जाने पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई है।
बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र देते हुए बताया था कि देवबंद के भायला रोड स्थित खसरा नंबर 606 की सरकारी भूमि पर भूमाफिया किस्म के लोगों ने कब्जा कर आवासीय मकान बना लिए हैं। जिससे सरकारी भूमि का दुरुपयोग हो रहा है, स्थानीय प्रशासन शिकायत के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। शासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश डीएम सहारनपुर को दिए जिसके आधार पर राजस्व विभाग की जांच में उक्त प्रकरण सही पाया गया। सहारनपुर डीएम मनीष बंसल ने पूरे मामले में राजस्व विभाग को आरोपित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। राजस्व विभाग की शिकायत पर देवबंद पुलिस ने आमिल खां, सूफी आकिल, जियाउर रहमान, आशिक, इरशाद, दिलशाद, बानो, नवाजिश, दानिश, नवाजिश खान, आलम समेत 28 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद देवबंद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि प्रशासन द्वारा और भी अन्य प्रकरणों में अवैध कब्जा करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।
……………
सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने वाले लोगों पर होगी कार्रवाई: एसडीएम
एसडीएम अंकुर वर्मा ने बताया पूरे प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आरोपी लोगों के खिलाफ की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
भू माफिया के खिलाफ हाे कड़ी करवाई: विकास त्यागी
बजरंग दल नेता विकास त्यागी ने कहा देवबंद में जिस प्रकार से भूमाफियाओं द्वारा सरकारी संपत्ति पर कब्जा किया जा रहे हैं और करोड़ों रुपए की जमीन बेची जा रही है यह सरकार छवि खराब करने वाला कार्य हो रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ प्रशासन चुन चुन कर कार्रवाई करें।
प्रशांत त्यागी

