पुलिस ने जेसीबी और खनन से भरी ट्रैक्टर ट्रालियों को कब्जे में लिया
देवबंद। संवाददाता
देवबंद में खनन माफिया के खिलाफ पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए एक जैसी भी और कई ट्रैक्टर ट्रालियों को कब्जे में लिया है। खनन माफिया द्वारा बिना अनुमति के ही खनन किया जा रहा था। सहारनपुर एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की है।
देवबंद क्षेत्र के सांपला रोड पर एक चर्चित खनन माफिया द्वारा बिना अनुमति के खनन किया जा रहा था। जेसीबी के माध्यम से मिट्टी ट्रैक्टर ट्राली ओ में भरकर देवबंद लैब प्लॉटों की भराई कराई जा रही थी। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की सूचना पहले तो देवबंद के प्रशासन को दी लेकिन कार्रवाई नहीं होता देख लोगों ने एसएसपी सहारनपुर को पूरा मामला अवगत कराया। एसएसपी विपिन ताड़ा ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय पुलिस अधिकारियों को खनन माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किए। इसके बाद हरकत में आई पुलिस टीम ने गोपाली पुलिस चौकी क्षेत्र के एक खेत पर छापेमारी की और वहां अवैध रूप से चलाई जा रही खनन से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने यहां से एक जेसीबी मशीन भी बरामद की है जिसके माध्यम से खेत की मिट्टी की खुदाई की जा रही थी। गोपाली चौकी प्रभारी धीरज चौधरी ने बताया कि खनन माफिया द्वारा बिना अनुमति के किसान के खेत से मिट्टी उठाई जा रही थी। उच्च अधिकारियों के दिशा निर्देश पर खनन से भरी ट्रैक्टर ट्रालियों और जेसीबी मशीन को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा भी खनन पर रोक लगाते हुए स्थानीय प्रशासन को खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दे रखे हैं।

जल्द ही बड़े स्तर पर होगी कार्रवाई: एसडीएम
वहीं एसडीएम अंकुर वर्मा ने बताया खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। देवबंद में खनन कार्य में लिप्त लोगों को चिन्हित किया जा रहा है जल्द ही बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू की जाएगी।
रिपोर्ट प्रशांत त्यागी

