हट गईं कंटीली तारें और बैरियर, बदल गई श्रीनगर और काश्मीर की फिजा , हजारों लोगों ने बरसों बाद मनाया आजादी का जश्न
दो दशकों के अंतराल के बाद हजारों कश्मीर वासी श्रीनगर के बक्शी स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने पहुंचे. सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकवादी खतरे के मद्देनजर पूर्व में लोगों की आवाजाही पर लगायी पाबंदियों में ढील दी जिसके कारण बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर निकले. श्रीनगर के 15 लाख निवासियों के लिए यह काफी हैरान करने वाला था कि उन्हें कोई कंटीली तारें या अवरोधक देखने को नहीं मिले जिन्हें कश्मीर में स्वतंत्रता दिवस तथा गणतंत्र दिवस पर कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के कारण लगाया जाता था. राष्ट्रध्वज लिए बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक बक्शी स्टेडियम में पहुंचे. यह 2003 के बाद से पहली बार है जब स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए स्टेडियम में इतनी बड़ी संख्या में लोग पहुंचें . इस मौके पर लोग खुश दिखे और उन्हें सेल्फी लेते हुए देखा गया. शहर में कई स्कूल सुबह-सुबह ध्वजारोहण समारोह के लिए खुले जबकि दुकानें भी खुली दिखायी दी ▪️

