Breaking
अजब गजब संयोग
विश्व मे रोज कोई न कोई नया रिकॉर्ड सामने आ ही जाता है। इसी कड़ी में एक और किस्सा सामने आया है । आज तक आपने एक परिवार में रहने वाले लोगों का चेहरा एक जैसा देखा होगा, रहन-सहन एक ही तरह का देखा होगा लेकिन क्या कभी आपने ऐसा मामला देखा है जब एक ही परिवार के 9 सदस्यों का जन्मदिन एक ही दिन पड़ता हो। है न ये अजीब बात। आप भी सोच रहे होंगे कि ये कैसा संयोग है कि एक ही तिथि को परिवार के 9 सदस्यों का जन्म हुआ हो। लेकिन ये बिल्कुल सच है और विश्व में यह सबसे अनोखा मामला सामने आया है। जिसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज किया गया है। किस्सा पाकिस्तान से है। एक परिवार के 9 सदस्यों का बर्थ डे 1 अगस्त को है।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार, पाकिस्तान के लरकाना में रहने वाले एक परिवार के 9 सदस्यों के बीच एक चीज एक समान है और वह ये कि इन सभी लोगों का जन्म एक ही तारीख को हुआ था । इन सबका जन्मदिवस एक अगस्त को पड़ता है और सभी लोग अपना जन्मदिन एक ही दिन सेलिब्रेट करते हैं। इस परिवार में आमिर अली, उनकी पत्नी खुदेजा और उनके सात बच्चे शामिल हैं। इन सात बच्चों में ससुई-सपना जुड़वां बेटियां हैं। वहीं, आमिर-अंबर और अम्मार-अहमर जुड़वां बेटे हैं। इसके अलावा उनकी एक और बेटी भी है जिसका नाम सिंधु है। इन सभी लोगों का जन्मदिन 1 अगस्त को पड़ता है। परिवार में शामिल सभी बच्चों की उम्र 19 से 30 के बीच है।
यह एक ऐसा रिकॉर्ड है जो किसी भी परिवार में देखने को नहीं मिला। किसी भी परिवार में इतने सारे सदस्यों का बर्थ डे एक ही दिन हो ऐसा देखने को कभी नहीं मिला। पहले यह रिकॉर्ड USA के कमिंस परिवार के नाम था। जिनके 5 बच्चों का जन्म 1952 से लेकर 1966 के बीच 20 फरवरी को हुआ था। इससे हटकर इस परिवार में एक और भी दिलचस्प चीज देखने को मिली। आमिर और खुदेजा की शादी की सालगिरह भी 1 अगस्त को ही पड़ती है। 1991 में उन्होंने 1 अगस्त को ही शादी की थी। उनकी सबसे बड़ी बेटी सिंधु का जन्म 1 अगस्त 1992 को हुआ था। बड़ी बेटी के जन्म के बाद दंपति बहुत ही खुश और आश्चर्यचकित था। उसके बाद इस कपल के सभी बच्चों का जन्म 1 अगस्त को ही हुआ। दंपति इसे अल्लाह का तोहफा मानता है। दंपति ने बताया कि उनके हर बच्चे का जन्म सामान्य रूप से हुआ और खुदेजा की डिलीवरी भी समय पर हुई। ऑपरेशन वगैरह की कोई जरूरत नहीं पड़ी▪️

