मुजफ्फरनगर में PET परीक्षा को लेकर डीएम उमेश मिश्रा और SSP सूरज कुमार राय ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 (PET) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

चार परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और एसएसपी सूरज कुमार राय ने चौधरी छोटूराम कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, डीएवी डिग्री कॉलेज और पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता और मुस्तैदी का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

CCTV कंट्रोल रूम और स्ट्रांगरूम की सुरक्षा परखी

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। इसके साथ ही स्ट्रांगरूम का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

अभ्यर्थियों की चेकिंग और प्रवेश व्यवस्था पर विशेष जोर

अधिकारियों ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की नियमानुसार चेकिंग और फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाए। निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाए। परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा परीक्षा केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

डीएम और एसएसपी ने परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त कक्ष निरीक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।

परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि परीक्षा में शामिल होने आने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन और परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिला प्रशासन और मुजफ्फरनगर पुलिस की ओर से PET-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

#Muzaffarnagar #PET2026 #UPPolice #UPNews #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed