2027 विधानसभा चुनाव को लेकर आजाद समाज पार्टी की हुंकार, मीरापुर से रविन्द्र भाटी प्रत्याशी घोषित; चुनाव आयोग और सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने अपनी तैयारियां तेज करने का ऐलान किया है। मुजफ्फरनगर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील चित्तौड़ ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। इस दौरान मीरापुर विधानसभा सीट से पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट रविन्द्र भाटी को प्रत्याशी घोषित किया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुनील चित्तौड़ ने पिछड़े और दलित समाज के लोगों से पार्टी के साथ जुड़ने का आह्वान किया। वहीं, सवर्ण समाज को पार्टी से जोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि सवर्ण समाज के लोग पार्टी और उसकी विचारधारा से जुड़ना चाहेंगे, तो उन्हें साथ लाने के लिए निश्चित रूप से पहल की जाएगी।
पार्टी की ओर से अब तक 87 प्रत्याशियों की दो सूचियां जारी किए जाने की जानकारी दी गई। इन सूचियों में पिछड़े वर्ग के 29 और मुस्लिम समाज के 20 प्रत्याशी शामिल बताए गए।
24 अक्टूबर को मोरना में होगा कार्यकर्ता सम्मेलन और रैली
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मीरापुर से घोषित प्रत्याशी एडवोकेट रविन्द्र भाटी ने बताया कि आगामी 24 अक्टूबर को मोरना ब्लॉक में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन और रैली का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी मुफ्त एवं समान शिक्षा, सस्ती स्वास्थ्य सेवाओं, संविधान की रक्षा और आरक्षण की सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रविन्द्र भाटी ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग भाजपा के कार्यकर्ता की तरह काम कर रहा है। उन्होंने पिछले मीरापुर उपचुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान पिस्तौल के बल पर मतदान रोकने की कोशिश की गई थी।
उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि आगामी चुनाव में यदि मतदाताओं को मतदान करने से रोकने का प्रयास किया गया, तो इसका कड़ा विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी तानाशाही के खिलाफ और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने और अपने मुद्दों को जनता तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।

