मुजफ्फरनगर-भाजपा में मौजूद पूर्व मंत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद की सपा में वापसी की चर्चा, 14 अक्टूबर को लखनऊ में हो सकते हैं शामिल
अनुज त्यागी
मुजफ्फरनगर की सियासत में एक बार फिर बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आने की चर्चा है। सूत्रों के अनुसार वर्तमान में भाजपा में मौजूद पूर्व मंत्री एवं पूर्व राज्यसभा सांसद जल्द ही समाजवादी पार्टी में वापसी कर सकते हैं। 14 अक्टूबर को लखनऊ स्थित सपा प्रदेश कार्यालय में उनके समाजवादी पार्टी में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि लंबे समय से सपा में वापसी को लेकर बातचीत चल रही थी। बताया जा रहा है कि पूर्व में वह पार्टी में शामिल होने से पहले विधानसभा चुनाव का टिकट कंफर्म कराने की शर्त रख रहे थे, लेकिन अब बिना टिकट की शर्त के ही समाजवादी पार्टी में शामिल होने पर सहमति बनने की बात सामने आ रही है।
सूत्रों की मानें तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबा अनुभव रखने वाले यह नेता मीरापुर विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी जता रहे हैं। हालांकि, टिकट को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
बताया जाता है कि उनका राजनीतिक सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। वह अलग-अलग राजनीतिक दलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं और मंत्री तथा राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनका अपना प्रभाव माना जाता है। विभिन्न दलों में रहने के कारण उन्हें क्षेत्र की राजनीति और राजनीतिक समीकरणों का लंबा अनुभव है।
मीरापुर सीट पर फंस सकता है पेंच, चुनाव लड़ने का सपना रह सकता है अधूरा!
पूर्व मंत्री की सपा में वापसी की चर्चाओं के बीच मीरापुर विधानसभा सीट को लेकर भी राजनीतिक समीकरणों पर नजरें टिकी हैं। यदि आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन होता है और संभावित सीट बंटवारे में मीरापुर विधानसभा सीट कांग्रेस के खाते में चली जाती है, तो पूर्व मंत्री की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
ऐसी स्थिति में समाजवादी पार्टी में उनकी वापसी तो हो सकती है, लेकिन मीरापुर से विधानसभा चुनाव लड़ने का टिकट मिलना आसान नहीं होगा। अगर सीट गठबंधन के तहत कांग्रेस को मिलती है, तो उनके विधानसभा पहुंचने के सपने पर भी पानी फिर सकता है।
फिलहाल यह पूरा मामला राजनीतिक चर्चाओं और संभावनाओं पर आधारित है। सपा में उनकी वापसी, मीरापुर सीट पर दावेदारी और गठबंधन के तहत सीट बंटवारे को लेकर अभी कोई आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि पूर्व मंत्री की सियासी पारी किस दिशा में आगे बढ़ती है।
#RajsattaPost #Muzaffarnagar #SamajwadiParty #BJP #UPPolitics

