मुजफ्फरनगर में ट्रांसफार्मर चोर गैंग से नई मंडी पुलिस की मुठभेड़, 3 बदमाशों के पैर में लगी गोली; 6 गिरफ्तार

रोहित त्यागी

मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी पुलिस ने बिजली के तार और ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। NH-58 बागोवाली के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें तीन बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर भाग रहे तीन अन्य बदमाशों को पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक कुल छह बदमाश गिरफ्तार किए गए हैं।

बाइट — राजू कुमार साव, सीओ नई मंडी

सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में लगातार तार चोरी और ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं के अनावरण के लिए एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर कई पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में थाना नई मंडी पुलिस टीम NH-58 बागोवाली के पास चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वर्कशॉप के पीछे स्थित एक प्लॉट में कुछ बदमाश चोरी का माल ठिकाने लगाने के लिए इकट्ठा हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी। वहीं, भागने का प्रयास कर रहे तीन अन्य बदमाशों को पुलिस ने पीछा और कांबिंग के बाद गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई में थाना नई मंडी प्रभारी अनंत देव मिश्रा और उनकी टीम को सफलता मिली। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाशों में दानिश, कय्यूम, चेतन चौधरी, अली उर्फ इकबाल और मोनिश खान शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक यह करीब 10 सदस्यों वाला सक्रिय गैंग है, जो NCR क्षेत्र में बिजली के तार और ट्रांसफार्मर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच तमंचे 315 बोर, जिंदा कारतूस, बिजली के तार के बंडल, करीब 125 किलो एल्युमिनियम ट्रांसफार्मर पार्ट्स और दो वाहन स्कॉर्पियो व वैगनआर बरामद किए हैं।

मेरठ में याकूब कुरैशी की फैक्ट्री में भी वारदात का दावा

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में बदमाशों ने मुजफ्फरनगर में ट्रांसफार्मर पार्ट्स चोरी और छपार क्षेत्र में बिजली के तार चोरी की घटनाओं के अलावा मेरठ के लोहिया नगर स्थित याकूब कुरैशी की बंद पड़ी मीट फैक्ट्री में गार्ड को बंधक बनाकर एल्युमिनियम प्लेट चोरी करने की वारदात में भी शामिल होने की बात बताई है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

#RajsattaPost #Muzaffarnagar #CrimeNews #PoliceEncounter #NewMandi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed