पुलिस का शांति संदेश : एसपी सिटी अमृत जैन ने महमूदिया मदरसे में धर्मगुरुओं और जिम्मेदार लोगों से किया संवाद
मुजफ्फरनगर में आगामी पर्व-त्योहारों और जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सिविल लाइन क्षेत्र स्थित महमूदिया मदरसे में शांति व्यवस्था को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। एसपी सिटी अमृत जैन ने जिम्मेदार लोगों से पुलिस-प्रशासन की गाइडलाइंस का पालन करने और सोशल मीडिया पर अफवाह व फेक न्यूज वायरल न करने की अपील की।
BYTE = अमृत जैन, एसपी सिटी, मुजफ्फरनग
मुजफ्फरनगर। आगामी पर्व-त्योहारों और जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर मुजफ्फरनगर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित महमूदिया मदरसे में शांति व्यवस्था को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों के साथ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
एसपी सिटी अमृत जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी पर्व-त्योहारों और जुमे की नमाज को दृष्टिगत रखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई है। बैठक में क्षेत्र के सभी जिम्मेदार लोगों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा एसपी/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी समेत पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।

एसपी सिटी अमृत जैन ने कहा कि आगामी त्योहारों को पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैठक में लोगों को पुलिस और प्रशासन की ओर से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई तथा सभी से उनका पालन करने की अपील की गई।
उन्होंने विशेष रूप से सोशल मीडिया को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। एसपी सिटी ने कहा कि सोशल मीडिया पर कई बार अफवाहें या फेक न्यूज तेजी से वायरल होती हैं। ऐसी किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए और बिना पुष्टि के किसी भी खबर, वीडियो या कंटेंट को आगे शेयर अथवा वायरल नहीं करना चाहिए।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध या आपत्तिजनक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी रखेगी। बैठक के माध्यम से लोगों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान भी किया गया।

