मलूक नागर द्वारा सहारनपुर सभा में सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का अपमान करना पूरे पाल समाज का अपमान-विनय पाल

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव विनय पाल ने पूर्व सांसद मलूक नागर द्वारा सहारनपुर में आयोजित रालोद की सभा के दौरान सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल को लेकर की गई टिप्पणी पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की भाषा का इस्तेमाल राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है और इससे पाल एवं धनगर समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

विनय पाल ने कहा कि मलूक नागर ने अपने संबोधन के दौरान श्यामलाल पाल के लिए आपत्तिजनक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के पद पर बैठे व्यक्ति के लिए इस तरह की टिप्पणी करना केवल राजनीतिक विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे उस समाज के लोगों में भी रोष पैदा हुआ है, जिसका प्रतिनिधित्व श्यामलाल पाल करते हैं।

सपा नेता ने आरोप लगाया कि मलूक नागर की भाषा उनके राजनीतिक विरोध से आगे बढ़कर पाल और धनगर समाज के प्रति उनकी सोच को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली ऐसी टिप्पणियों को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

विनय पाल ने रालोद नेतृत्व पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सहारनपुर की सभा में मौजूद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने इस टिप्पणी पर तत्काल आपत्ति क्यों नहीं जताई। उन्होंने कहा कि यदि किसी समाज के नेता के खिलाफ मंच से आपत्तिजनक टिप्पणी की जाती है और पार्टी नेतृत्व उस पर चुप रहता है, तो इससे उस पार्टी की सामाजिक सोच को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने रालोद नेतृत्व और पूर्व सांसद मलूक नागर से इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। विनय पाल ने कहा कि पाल समाज अपने सम्मान के मुद्दे पर एकजुट है और समाज के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar #PalSamaj

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *