पुलिस चौकी बनी शादी का मंडप, परिजनों की रजामंदी से विवाह बंधन में बंधे रोहन-प्रियंका

राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां पुलिस की पहल और दोनों परिवारों की सहमति से एक प्रेमी युगल का विवाह संपन्न कराया गया। शहर कोतवाली क्षेत्र की रोहाना पुलिस चौकी परिसर में आयोजित इस विवाह की क्षेत्रभर में चर्चा रही।

जानकारी के अनुसार छपार थाना क्षेत्र के रामपुर तिराहा (सुंदर नगर) निवासी रोहन अपनी प्रेमिका प्रियंका से मिलने उसके घर पहुंचा था। प्रियंका कोतवाली नगर क्षेत्र के गांव मलीरा की रहने वाली है। इस दौरान परिजनों ने रोहन को पकड़ लिया और मामले की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को रोहाना पुलिस चौकी लेकर आई।

रोहाना चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने दोनों परिवारों के बीच बातचीत कराई। पूछताछ के दौरान रोहन और प्रियंका ने एक-दूसरे से विवाह करने और साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद दोनों परिवारों के बड़े-बुजुर्गों ने आपसी सहमति से विवाह कराने का निर्णय लिया।

चौकी परिसर में आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कराई गई और दोनों पक्षों से लिखित सहमति ली गई। इसके बाद परिजनों की मौजूदगी में रोहन और प्रियंका ने विवाह की रस्में पूरी कीं। इस दौरान पुलिसकर्मी भी इस अनोखे विवाह के गवाह बने। विवाह संपन्न होने के बाद नवदंपती को परिजनों के साथ खुशी-खुशी विदा कर दिया गया। पुलिस की सकारात्मक भूमिका और दोनों परिवारों की समझदारी की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *