कम उम्र में बुझ गया एक चमकता सितारा: हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही का निधन, इंडस्ट्री में शोक की लहर

नई दिल्ली/बुलंदशहर— हरियाणवी मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। उभरती हुई अभिनेत्री दिव्यांका सिरोही का 22 अप्रैल को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। बताया जा रहा है कि बुलंदशहर स्थित अपने घर पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ले ली। उनके असमय निधन से पूरी इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है।

करीब 30 वर्ष की उम्र में इस तरह दुनिया छोड़ जाना हर किसी को स्तब्ध कर गया है। दिव्यांका ने बहुत कम समय में अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर हरियाणवी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री में खास पहचान बना ली थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से अपने करियर की शुरुआत करने वाली दिव्यांका ने अपने डांस और अभिनय से लाखों लोगों का दिल जीता।

उन्होंने लोकप्रिय हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के साथ कई चर्चित म्यूजिक वीडियोज में काम किया, जिससे उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी। उनके वीडियोज को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला और सोशल मीडिया पर उनकी मजबूत फैन फॉलोइंग तैयार हो गई।

दिव्यांका के निधन पर हरियाणवी फिल्म जगत के अभिनेता और निर्माता-निर्देशक विकास बालियान सहित कई कलाकारों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

वहीं अभिनेता उत्तर कुमार ने भी सोशल मीडिया पर उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए भावुक श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

बताया जाता है कि दिव्यांका को बचपन से ही अभिनय और डांस का शौक था। गाजियाबाद में पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने अपने सपनों को दिशा दी और सोशल मीडिया के जरिए अपनी पहचान बनाई। एक साधारण परिवार से निकलकर इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाना उनकी मेहनत और लगन का प्रमाण था।

दिव्यांका सिरोही का यूं अचानक चले जाना न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे हरियाणवी एंटरटेनमेंट जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *