केदारनाथ यात्रा 2026 का शुभारंभ कल, सीएम धामी रहेंगे मौजूद
उत्तराखंड: आस्था के केंद्र श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को प्रातः 08 बजे शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ होगा।
कपाट खुलने के इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना में शामिल होंगे। मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।
देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं। यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं, जिनमें सड़कों की मरम्मत, पेयजल, आवास, शौचालय, सोलर लाइट और हर दो किलोमीटर पर चिकित्सा सहायता केंद्र शामिल हैं।
सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद है। यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र में पुलिस व प्रशासन मुस्तैद हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। श्रद्धालुओं ने बेहतर व्यवस्थाओं और स्वच्छता को लेकर संतोष जताया है।
कपाट खुलने से एक दिन पूर्व बाबा केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली धाम पहुंच चुकी है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल चरम पर है।
#Kedarnath #KedarnathDham #CharDhamYatra2026 #Uttarakhand #BreakingNews #AnujTyagiPost #RajsattaPost

