सीएम धामी ने पीएम मोदी के नाम से की पहली पूजा, गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुले

रविकांत त्यागी,घलौली

अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखण्ड की चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया है।

गंगोत्री धाम में आयोजित कपाटोद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संकल्प लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से पहली पूजा की और चारधाम यात्रा के सफल आयोजन के साथ देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से पारंपरिक विधि-विधान के साथ गंगोत्री धाम पहुंची। यहां विशेष पूजा-अभिषेक के बाद दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और पूरा क्षेत्र जयकारों से गूंज उठा।

कपाटोद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां गंगा के मंदिर में दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की और देव डोली से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा का शुभारंभ प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और उत्तराखण्ड के ये धाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम चारधाम यात्रा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं तथा यात्रा मार्गों पर सुचारु यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि देवभूमि उत्तराखण्ड आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को दिव्य धामों के दर्शन के साथ एक सुरक्षित, सुखद और अविस्मरणीय अनुभव मिले। साथ ही उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा के लिए सहयोग करने और स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने की अपील की।

इस अवसर पर प्रदीप बत्रा, सुरेश चौहान, विजयपाल सजवाण, प्रताप पंवार, प्रशांत आर्य, कमलेश उपाध्याय, मुक्ता मिश्रा, किशोर भट्ट, धर्मानंद सेमवाल, सुरेश सेमवाल, सुधांशु सेमवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

#GangotriDham #YamunotriDham #CharDhamYatra2026 #AkshayaTritiya #Uttarakhand #AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *