बघरा बस स्टैंड बना अतिक्रमण का अड्डा, सड़क पर ई-रिक्शाओं से जाम और हादसे का खतरा

असलम त्यागी | राजसत्ता पोस्ट 

मुजफ्फरनगर मुज़फ्फरनगर जनपद के तितावी थाना क्षेत्र के बघरा बस स्टैंड पर अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे और मुख्य मार्ग पर ई-रिक्शाओं के बेतरतीब ढंग से खड़े होने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बस स्टैंड क्षेत्र में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे यात्रियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सड़क पर ई-रिक्शा खडे होने व अतिक्रमण से संकरी सड़क होने के कारण बड़े वाहनों और ई-रिक्शाओं के बीच अक्सर जाम और टकराव जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अतिक्रमण पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। हालात यह हैं कि बस स्टैंड पर आने-जाने वाले यात्रियों और राहगीरों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण हटवाया जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारू किया जाए, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *