प्रेम विवाह के बाद नवदंपति को जान का खतरा, पूर्व विधायक विक्रम सैनी समेत परिजनों पर गंभीर आरोप

मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना जानसठ क्षेत्र के ग्राम कवाल से प्रेम विवाह का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने इलाके में हलचल मचा दी है। अपनी मर्जी से शादी करने वाले एक नवविवाहित जोड़े ने अब अपनी जान को खतरा बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।

पीड़िता निशा के अनुसार उसने 12 अप्रैल को अजय कुमार के साथ अपनी इच्छा से विवाह किया। यह विवाह अंतर्जातीय होने के कारण उसके मायके पक्ष के लोग इससे बेहद नाराज हैं। निशा ‘सैनी’ समाज से संबंध रखती है, जबकि उसका पति ‘गड़रिया’ समाज से है।

युवती ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उसके परिजनों के साथ-साथ खतौली के पूर्व विधायक विक्रम सैनी भी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। निशा का कहना है कि विधायक उनके रिश्तेदार भी हैं और उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि यह विवाह किया गया तो दोनों को गोली मार दी जाएगी।

इसके अलावा पीड़िता ने अपने पिता और चाचा प्रवीण पर आरोप लगाया कि वे लगातार उसे, उसके पति और ससुराल पक्ष को प्रताड़ित कर रहे हैं। नवविवाहित जोड़े का कहना है कि उन्हें अपने ही परिजनों से अपनी जान का सीधा खतरा बना हुआ है और वे भय के माहौल में जी रहे हैं।

युवती ने यह भी आरोप लगाया कि उसके मायके वाले पुलिस पर दबाव बनाकर उसके पति के परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।

नवदंपति ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर मांग की है कि उन्हें और उनके ससुराल पक्ष को तत्काल पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए तथा धमकी देने वाले नामजद लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

#Muzaffarnagar #LoveMarriage #InterCasteMarriage #UPPolice #CrimeNews #BreakingNews #AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *